वाराणसी 06 फरवरी संवददाता :- चौबेपुर थाना के डुबकियां नरपतपुर गांव में प्रसिद्ध खपड़िया बाबा आश्रम स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में स्थापित शिवलिंग, हनुमान व नंदी प्रतिमा को शरारती तत्वों ने खंड़ित कर दिया। इसकी जानकारी होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना के बाद एसओ राजीव सिंह दलबल के साथ गांव पहुंच गए। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। लोगों के अनुसार रविवार की रात शरारती तत्वों ने यह हरकत की। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
एसओ हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से घटना के बाबत जानकारी ली। साथ ही छानबीन में जुटे रहे। घटना से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसको देखते हुए पुलिस एहतियात बरत रही है।
