वाराणसी 19 फरवरी संवददाता :- महाशिवरात्रि के दूसरे दिन रविवार को भी कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव धाम में भक्तों की भीड़ लगी रही। लगभग तीन लाख लोगों ने भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया। रविवार की भोर से प्रारंभ स्नान और पूजन का क्रम जारी रहा। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। मंदिर परिसर के पास मेला भी लगा है। भक्तों ने श्री राम लिखे बिल्वपत्र, धतूरा, चन्दन, भांग आदि से भगवान भोलेनाथ का पूजन किया। मेले का आलम आस पास के गावों भन्दहाकला और राजवारी तक दिखता रहा। शुक्रवार की रात्रि से ही दूर दराज की महिलाएं मेला क्षेत्र में जुटने लगीं थी। सभी धर्मशालाओं और रैनबसेरा आदि में कहीं कोई जगह नही बची थी। सारे दिन पूरा मेला क्षेत्र परम्परागत विवाह एवं मंगल गीतों से गुंजायमान रहा। टोलियों में महिलाओं ने धाम पहुच कर मार्कंडेय महादेव और माता पार्वती का विधिवत पूजन किया। मेले में घर गृहस्थी के सामानों की जम कर खरीदारी भी हुई। मेले में गोड़ा, पाटी, मचिया, सील लोढ़ा, ओखली, नार-मोट, अचार का मसाला आदि की जम कर खरीदारी हुयी। लोगों ने पकौड़ी और गुड़हिया जलेबी का भी स्वाद चखा। मेले की प्रशासनिक व्यवस्था मुस्तैद रही। मनचलों पर विशेष नजर रखी जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *